बरेली। इस बार होली और शब-ए-बरात का त्योहार एक ही दिन पड़ रहा है। पुलिस प्रशासन ने त्योहार को सकुशल निपटाने के लिए खासी तैयारी की है। कुतुबखाना पुल निर्माण की वजह से इस बार जिला अस्पताल रोड पर रामबरात नहीं निकाली जा सकेगी।
नगर क्षेत्र में इस बार 861 और देहात क्षेत्र में 2047 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। पिछली साल शहर क्षेत्र में 860 और देहात में 2102 जगह होली जलाई गई थी। इस बार होली से संबंधित 17 जुलूस शहर में और 49 जुलूस देहात क्षेत्र में निकाले जाएंगे। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र से निकलने वाले होली जुलूस का रूट बदला गया है। पहले बिहारीपुर ढाल से घंटाघर, सब्जी मंडी और जिला अस्पताल रोड होकर जुलूस नावल्टी तिराहे की ओर आता था। इस बार बिहारीपुर ढाल से खलील तिराहा होकर जुलूस को नावल्टी तिराहे की ओर लाया जाएगा। प्रेमनगर क्षेत्र का जुलूस पूर्व रूट पर चाहबाई, बानखाना चौराहा, घोसियान मस्जिद तिराहा, पतंग चौराहा, धर्मकांटा चौराहा की ओर निकाला जाएगा।
फोटो- एसपी सिटी राहुल भाटी
जिले में 3062 जगह लगेगी पुलिस
होली सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के नोडल अधिकारी एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि जिले में 3062 स्थानों पर अलग-अलग कार्यक्रमों में पुलिस बल लगाया जाएगा। इसमें 18 सीओ, 51 थाना प्रभारी, 44 इंस्पेक्टर, 573 एसआई व अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगेगी। पैरा मिलिट्री, पीएसी की शहर में प्रमुख स्थलों पर तैनाती होगी तो होमगार्ड व पीआरडी के जवानों की मदद भी ली जाएगी। अफवाहें फैलाने वालों पर भी निगरानी की जा रही है।