91 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई
बैठक में 91 शोधार्थियों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद डीलिट और डीएससी उपाधि देने का निर्णय भी अनुमोदित किया गया। शिक्षण सहायक, प्रोफेसर ऑफ एमिनेंस और प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की व्यवस्था 31 दिसंबर तक जारी रहेगी, जिसके बाद इन पर फिर से विचार किया जाएगा। पीएचडी छात्र-छात्राओं को असिस्टेंट ग्रेड वन व टू के रूप में वेतन भी 31 दिसंबर तक ही मिलेगा। मीडिया प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि असिस्टेंट प्रोफेसर संविदा का पदनाम बदलकर गेस्ट लेक्चरर किया गया है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 46 की जगह 25 खाते होंगे
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने के लिए 46 बैंक खातों की समीक्षा की गई। अनावश्यक खातों को बंद कर इनकी संख्या लगभग 25 करने का निर्णय लिया गया। सावधि जमा पर बेहतर ब्याज दर के लिए प्रतिस्पर्धी कोटेशन आमंत्रित होंगे। विद्यार्थियों की सुविधा हेतु सभी शुल्क डिजिटल माध्यम से जमा कराने की योजना को मंजूरी मिली। अकादमिक उत्कृष्टता सलाहकार समिति और वित्तीय प्रबंधन सलाहकार समिति के गठन पर भी मुहर लगी। उद्योग-विश्वविद्यालय सहयोग प्रकोष्ठ, भारतीय ज्ञान परंपरा अनुसंधान केंद्र और कौशल विकास प्रकोष्ठ की स्थापना को भी स्वीकृति दी गई।
49 नए पदों का सृजन किया जाएगा
स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग के लिए 49 नए पदों का सृजन किया जाएगा। इनमें प्रयोगशाला तकनीशियन, कंप्यूटर प्रचालक, लिपिक और सहायक शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु 37 अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की बाह्य सेवा से तैनाती को अनुमोदन मिला। कॅरिअर उन्नति योजना के तहत 43 शिक्षकों को प्रोन्नति दी गई, साथ ही कई कर्मचारियों की विभागीय पदोन्नति के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। विश्वविद्यालय द्वारा जारी होने वाली सभी डिग्रियों, अंकतालिकाओं और आधिकारिक दस्तावेज में 'इंडिया' के स्थान पर 'भारत' लिखा जाएगा।