रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 23वां दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा विभाग की राज्यमंत्री रजनी तिवारी शामिल होंगे। अतिथिगण मेधावियों को पदक और उपाधि प्रदान करेंगे। दीक्षांत समारोह के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में सजावट की गई है।
बरेली में रुहेलखंड विश्वविद्यालय का 23वां दीक्षांत समारोह बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। 94 स्नातक व परास्नातक के मेधावियों और 113 पीएचडी धारकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड के राज्यपाल व रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे संतोष कुमार गंगवार को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से पुरस्कृत किया जाएगा।
विज्ञापन
डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) के डीन व प्रो. पीबी सिंह ने बताया कि इन पुरस्कारों के अलावा कानपुर की इति उपाध्याय को डीलिट (डॉक्टर ऑफ लिटरेचर) की उपाधि भी दी जाएगी। वहीं, मीडिया प्रभारी अमित सिंह के अनुसार पहली बार लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जा रहा है।
इसके अलावा डीलिट की उपाधि देने का निर्णय भी पहली बार लिया गया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल निर्माण कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगी। इसमें डिजिटल लर्निंग हब, अंतरराष्ट्रीय छात्रावास, स्वर्ण जयंती द्वार, पुरुष छात्रावास में बना क्रिकेट स्टेडियम और प्रो. एसबी सिंह ऑडिटोरियम आदि शामिल हैं।
विज्ञापन
बदलेंगे छात्रावासों के नाम
अब मुख्य छात्रावास को अरावली छात्रावास, न्यू बॉयज छात्रावास को नीलगिरि छात्रावास और पीजी छात्रावास को मानसरोवर छात्रावास के नाम से जाना जाएगा।