रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने जारी किया नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त बताई जा रही है। सभी डिग्री कॉलेज 27 अगस्त को मेरिट लिस्ट जारी करेंगे, हर नियम का पालन करना होगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन की प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी जो 21 अगस्त तक चलेगी। महाविद्यालयों में ऑनलाइन पंजीकरण पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 22 अगस्त रहेगी। महाविद्यालय आवेदनों की जांच के बाद मेरिट लिस्ट 27 अगस्त को जारी करेंगे।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय ने प्रवेश परीक्षा के माध्यम से जिन कोर्सेज में दाखिला होना है, उन्हें इस नोटिफिकेशन में शामिल नहीं किया है। स्नातक प्रथम वर्ष के बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी कृषि, बीएससी ऑनर्स, बीलिब, विधि (पंचवर्षीय) और विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क 150 रुपये होगा, जो किसी भी बैंक के डेबिट, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग के जरिये जमा किया जा सकेगा। रजिस्ट्रार डॉ. राजीव कुमार का कहना है कि महाविद्यालय सभी नियमों का पालन करते हुए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।
इन नियमों का पालन करना होगा
महाविद्यालय विद्यार्थी की इच्छा के विरुद्ध, धोखे से या जबरदस्ती उनका प्रवेश अपने महाविद्यालय में नहीं कर सकेंगे।
महाविद्यालयों को प्रवेश की सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन करवानी होंगी।
अंतिम तिथि की समाप्ति के बाद अगले तीन कार्यदिवसों में प्रवेशित छात्रों की सूची ऑनलाइन जारी करनी होगी।
जारी की गई तिथियों के मुताबिक ही प्रवेश होंगे। उसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।