बरेली। चिकित्सा संगोष्ठी में बृहस्पतिवार को विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीक ने हृदय और हड्डियों की गंभीर बीमारियों के इलाज में नई संभावनाएं खोली हैं। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ बरेली की ओर से आयोजित इस संगोष्ठी में 65 प्रमुख चिकित्सकों ने भाग लिया। वरिष्ठ कार्डियक सर्जन एवं निदेशक संजय कुमार ने रोबोटिक बाइपास सर्जरी पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इससे सर्जरी में समय कम लगता है और जटिलताएं घटती हैं। वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन राना रनविजय पाठक ने जॉइंट रिप्लेसमेंट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों से कूल्हे और घुटने का जटिल जॉइंट रिप्लेसमेंट संभव है। असफल प्रत्यारोपण के बाद दोबारा रिप्लेसमेंट भी किया जा रहा है। आईएमए यूपी के अध्यक्ष रवीश अग्रवाल ने नई तकनीकों को इलाज में अधिक सुलभ बताया। संगोष्ठी का संचालन वरिष्ठ फिजिशियन सुदीप सरन ने किया। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. भरत कालरा, सचिव डॉ. राजीव गोयल, डॉ. ध्रुव गोयल, डॉ. सुशोभित वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद