फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार रात चोरों ने शराब, हार्डवेयर, जनरल स्टोर समेत तीन दुकानों और वसंत विहार कॉलोनी के एक मकान समेत चार ठिकानों को निशाना बनाकर करीब दस लाख की नकदी, जेवर और सामान चुराकर चंपत हो गए। मामले में पीड़ित अजय अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात आरोपियों ने मुख्य बाजार की अंग्रेजी शराब की दुकान का ताला काटकर करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद अजय अग्रवाल की दुकान को निशाना बनाया। यहां से करीब 80 हजार रुपये के नए नोटों की मालाएं और नौ लाख रुपये नकद ले गए। पास में ही चोरों ने देसी शराब की दुकान के ताले भी तोड़ दिए। वहां भी चोरी की।
इसके अलावा वसंत विहार कॉलोनी निवासी भूरी गंगवार के घर से भी चोर सोने की एक चेन, मांग टीका, दो अंगूठियां, चांदी की तगड़ी, गुलशन पट्टी, पांच पैंडल वाला मंगलसूत्र, 1500 रुपये नकद और तीन जोड़ी चांदी की पायल चोरी कर ले गए। गांव टिटौली नन्हे लाल के घर से भैंस चोरी करके ले गए। सूचना पर सीओ हाईवे देवेश सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचकर जांच की।
दो आरोपी कैमरे में कैद, सर्विलांस टीम कर रही आरोपियों की तलाश
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पुलिस सर्विलांस टीम की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सीसी कैमरे में कैद हुए दोनों आरोपियों की पहचान कराकर तलाश की जा रही है। फुटेज के आधार पर जल्द आरोपियों को हिरासत में लेकर सभी घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
व्यापारियों में रोष, खुलासे की मांग की
व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष अग्रवाल की अगुवाई में व्यापारियों ने इन वारदात को लेकर रोष प्रकट किया है। चोरी की घटनाओं के खुलासे और रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। गौरतलब है कि चार दिन पहले थाना क्षेत्र के गांव सहसा में भी चोरों ने आठ घरों को निशाना बनाया था। उस घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। चार दिन के भीतर हुई चोरी के बाद लोगों ने गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया है।