आंवला। खेत के लिए निकला भीमपुर गांव का युवक पुलिया पार करते समय पैर फिसलने से बारिश के पानी में डूब गया। उन्हें बचाने के लिए पानी में कूदा युवक भी डूबने लगा तो उसे लोगों ने बचा लिया। एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रेस्पॉन्श फोर्स) की टीम ने करीब दो घंटे तलाशने के बाद शव पानी से निकाला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
लाखन (30) शुक्रवार सुबह अपने खेत पर धान की रोपाई करने की बात कहकर निकले थे। पड़ोसी गांव अख्तरपुर के लिए जाने वाले मार्ग पर बारिश का पानी भरा हुआ है। बताया गया कि इसी रास्ते पर बनी पुलिया भी पानी में डूबी हुई है। जैसे ही लाखन पुलिया पर पहुंचे उनका पैर फिसल गया और सड़क किनारे भरे पानी में डूब गए।
लाखन को डूबता देख गांव के ही प्रशांत उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़े, लेकिन जब वह भी डूबने लगे तो आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचा लिया। तब तक लाखन गहरे पानी में समा चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। नाव में बैठकर करीब दो घंटे तक लाखन की तलाश की गई। काफी मशक्कत के बाद उनके शव को निकाला गया।
बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहली बार गांव में बारिश के पानी का ऐसा सैलाब देखा है। ग्राम प्रधान श्रीपाल सिंह लोधी ने बताया कि गांव के चारों ओर व खेतों में बारिश का पानी भरा हुआ है। आंवला-भीमपुर-अख्तरनगर के बीच संपर्क मार्ग भी पानी में डूब गया है।
एक माह पहले हुई थी पिता की मौत
लाखन के पास थोड़ी सी जमीन है। वह मेहनत-मजदूरी करके गुजारा कर रहे थे। एक माह पहले ही उनके पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। एक भाई की भी काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। लाखन अपने पीछे मां, पत्नी व दो बेटे छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता है। वही अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे।
तेज बहाव में बहा किसान युवक, तलाश जारी
आंवला। करुआताल गांव में शुक्रवार दोपहर खेत में धान की पौध लगाते समय एक किसान पानी के तेज बहाव में पैर फिसलने डूब गया। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, पर वह गहरे पानी में समा गया। काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिला तो राजस्व विभाग की टीम ने देर शाम चौबारी गांव से गोताखोर बुलवाए। देर शाम तक तलाश की जा रही। बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब साढे तीन बजे गांव का 22 वर्षीय सुरेंद्र अपने खेत में धान की पौध लगा रहा था। पानी के तेज बहाव के चलते पैर फिसलने से वह पानी में बह गया। एसडीएम गोविंद मौर्य, राजस्व निरीक्षक मुकेश सक्सेना, लेखपाल पंकज सक्सेना व केसर, दीपक आदि मौके पर ही मौजूद थे। संवाद
बाइक समेत नदी में बहा युवक लापता, बाइक बरामद
रामनगर। गांव महमूदपुर का गुरदयाल उर्फ गुड्डू (27) घर से रामनगर बैंक जाने के लिए बाइक से गया था। जैसे ही वह अरिल नदी पुल से गुजर रहा था, बाइक समेत नदी में बह गया। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक की तलाश की, लेकिन शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। संवाद
-
अरिल में डूबे युवक का नहीं लगा सुराग
रामनगर। मऊचंदपुर अरिल नदी में डूबे युवक का शुक्रवार शाम छह बजे तक तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। बारीखेडा के गोपीचंद बृहस्पतिवार सुबह मऊचंदपुर कहकर घर से निकला था। दोपहर तीन बजे अरिल नदी के पुल से उसने छलांग लगा दी। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह नदी में समा गया। शाम तक कोई पता नहीं चल पाया। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रशासन से लापता युवक तलाश करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। शुक्रवार को पीएसी व एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश की, लेकिन शाम छह बजे तक कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। संवाद