बड़ा बाईपास पर बदमाशों ने ट्रक के टायर पंचर कर मालिक को लूट लिया। विरोध करने पर उस पर फायर भी झोंक दिया जो उसके हाथ में लगा। सोमवार रात के अंतिम पहर हुई वारदात में हेल्पर बेटे के साथ भागकर ट्रक मालिक ने जान बचाई। बिथरी थाने में पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पंजाब के संगरूर जिला अंतर्गत थाना सदरगंज के शेखपुरा गांव निवासी हंसराज का अपना दस टायरा ट्रक खुद चलाते हैं जबकि बेटा पंकज उनके साथ हेल्पर के रूप में रहता है। हंसराज कीटनाशक दवा पहुंचाने भटिंडा से कोलकाता जा रहे थे। सोमवार रात साढ़े तीन बजे बड़ा बाईपास पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पीछे अचानक तेज आवाज के साथ ट्रक के दो टायर बर्स्ट हो गए। हंसराज ने ट्रक रोक दिया। पंकज स्टेपनी लगाने को ट्रक के नीचे घुसा तो हंसराज टायर खोलने लगे। तभी ड्राइवर साइड से दो और खलासी साइड से तीन लोगों को ट्रक में घुसते देखा। टोकने पर इनमें से एक ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली हंसराज के सीधे हाथ में कोहनी के पास लगी। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब से 8600 रुपये रखा पर्स लूट लिया। उनके इरादे भांप हंसराज ने पंकज के साथ हाईवे पर पीछे छूट चुके होटल की ओर दौड़ लगा दी। पंकज ने सौ नंबर पर काल करके सूचना दी। रजऊ चौकी प्रभारी रविंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंसराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हंसराज ने बताया कि लुटेरों ने एक गोली उनके पिछले टायर में मारने के साथ ही दहशत फैलाने को चार हवाई फायर भी किए। वे भागते नहीं तो मारे जाते।