बिना मास्क के बस स्टेशन में नहीं मिलेगा प्रवेश, कर्मचारियों को किया अलर्ट
विज्ञापन
बसों में सीटिंग क्षमता के आधार पर बैठाए जाएंगे यात्री, खड़े होकर यात्रा की अनुमति नहीं
बरेली। 70 दिन से बंद रोडवेज बसों का पहिया सोमवार से घूमने लगेगा। इसके लिए रोडवेज प्रबंधन ने सभी तैयारियां कर ली हैं। शासन से भी इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक को अनुमति मिल गई है। फिलहाल रोडवेज बसों का संचालन अंतर्जनपदीय होगा। बसों में जितनी सीटें होंगी, उतने ही यात्री बैठाए जाएंगे। खड़े होकर यात्रा की अनुमति नहीं होगी। ड्राइवर-कंडक्टर के साथ ही सभी यात्रियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
रोडवेज बस स्टेशन परिसर से सोमवार 8:00 बजे से बसों का संचालन शुरू होगा। बसें फिलहाल प्रदेश के अंदर ही चलेंगी। दिल्ली जाने वाली यात्रियों को कौशांबी बस स्टेशन तक के के लिए ही बसें उपलब्ध होंगी। फिलहाल साधारण बसों का ही संचालन किया जाएगा। एसी बसों के संचालन के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। एआरएम कार्मिक चीनी प्रसाद ने बताया कि बसों में किराया पूर्ववत ही रहेगा। बस स्टेशन के मुख्य द्वार पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें बस में चढ़ने दिया जाएगा। कंडक्टर एक-एक यात्री को उनके हाथ सैनिटाइज कराने के बाद सीट उपलब्ध कराएगा। बस स्टेशन पर लाने से पहले बसों को भी सैनिटाइज किया जाएगा।