बरेली परिक्षेत्र को 25 ई-बसों की मंजूरी पिछले साल ही मिल गई थी, लेकिन बसें बेड़े में शामिल नहीं हो सकीं। मुख्यालय ने अब इन बसों का संख्या बढ़ाकर 30 कर दी है। दीपावली से पहले 30 इलेक्ट्रिक बसों को परिक्षेत्र के बेड़े में शामिल कर दिया जाएगा।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि पहले चरण में दीपावली से पहले परिक्षेत्र को 30 इलेक्ट्रिक बसें मिल जाएंगी। इन बसों के संचालन के लिए आठ रूट तय किए गए हैं। रूटों की सूची मुख्यालय भेज दी गई है।
आठ रुपये तक बढ़े डीजल के दाम किराये में इजाफा नहीं
ईरान युद्ध के कारण चार माह में डीजल और पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर आठ रुपये तक की वृद्धि हो चुकी है, लेकिन रोडवेज ने किराया नहीं बढ़ाया है। ऐसे में हर माह राजस्व का नुकसान हो रहा है। इधर सावन के दौरान रूट डायवर्जन के कारण भी यात्रियों की संख्या घटी है। परिक्षेत्र के चारों डिपो के बेड़े में शामिल सभी बसों का संचालन ही नहीं हो पा रहा।
अधिकारियों का कहना है कि बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने के बाद रोडवेज की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ यात्री सुविधाएं भी बेहतर होंगी। ऐसे होगा बसों का आवंटन बरेली-मुरादाबाद मार्ग पर तीन और बरेली-हल्द्वानी, बरेली-बदायूं रूट पर पांच-पांच बसें चलाई जाएंगी। बरेली-मनौना धाम, बरेली-पीलीभीत, बरेली-बीसलपुर, बरेली-शाहजहांपुर रूट पर तीन-तीन और बरेली-चंदौसी रूट पर पांच बसें चलेंगी।