पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे मृतक सुनील के दोस्त नीरज कुमार ने बताया कि जिला शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भजूं निवासी 48 वर्षीय सुनील कुमार रोडवेज में संविदा चालक थे। वह रविवार को मुजफ्फरनगर डिपो की बस में सवारियां बैठाकर लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव टिसुआ के पास अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
चलती बस में चालक की हालत बिगड़ने से हादसे का खतरा बना तो यात्री घबरा गए थे। बस के परिचालक ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सुनील को बरेली जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर से पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल था। सुनील कुमार के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।