फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर टिसुआ चौराहे के पास गलत साइड से आ रही बाइक को बचाने में रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसमें कुछ यात्री मामूली चोटिल हो गए।
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह सात बजे के करीब शाहजहांपुर से बरेली की तरफ बरेली डिपो की रोडवेज बस आ रही थी। टिसुआ चौराहे के पास शिवपुरी की तरफ से आ रही एक बाइक पर सवार दो लोग गलत साइड में बाइक मोड़ने लगे। उनको बचाने में रोडवेज बस के चालक धीरेंद्र यादव ने ब्रेक लगाते हुए बस को मोड़ दिया। इससे बस डिवाइडर से टकराती हुई डिवाइडर के ऊपर जाकर रुक गई। बस में सवार सवारियों ने उतरकर बाइक सवारों को पकड़ना चाहा। लेकिन वे लोग भाग निकले।
घटना के वक्त बस में करीब 25 सवारी यात्रा कर रहे थे। गनीमत रही कि किसी के कोई गंभीर चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में मौजूद सवारियों को अन्य रोडवेज बस से भेजा। क्रेन की मदद से रोडवेज बस को हटवाया। संवाद