बरेली। रोडवेज बसों की चेकिंग के दौरान टीआई से भिड़ने वाले परिचालक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि उसका सहयोग करने के आरोप में बस ड्राइवर की संविदा समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई टीआई की ओर से आरएम को पेश की गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
बरेली डिपो की बस दो दिन पूर्व दिल्ली जा रही थी। फतेहगंज पश्चिमी में चेकिंग के दौरान सवारियों की संख्या में अंतर को लेकर टीआई से परिचालक की कहासुनी और धक्कामुक्की हो गई। टीआई को परिचालक की ईटीएम मशीन में दर्ज रिकार्ड से बस में पांच सवारियां अधिक मिलीं। इसी बात पर विवाद हो गया। परिचलक ने कहा कि पांच सवारियां पास से ही कुछ मिनट पहले चढ़ी हैं। मशीन ठीक से काम नहीं कर रही थी, इसलिए टिकट बनाने में देरी हुई। आरोप है कि इसी कहासुनी के बीच परिचालक टीआई से ईटीएम मशीन लेकर बस में बैठ गया और फिर चालक बस लेकर चला गया। मामला आरएम तक पहुंचा तो आरएम ने दोनों को अगले दिन कार्यालय में अपना पक्ष रखने को कहा। मंगलवार को टीआई रोशन लाल और मुनीश कुमार ने इस मामले में रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट और पक्ष सुनने के बाद आरएम एसके मुखर्जी के आदेश पर बरेली डिपो के एआरएम (कार्मिक) चीनी प्रसाद ने परिचालक सचिन सक्सेना को निलंबित कर दिया। चालक शाबाद खान को परिचालक का सहयोग करने का आरोपी मानते हुए उसकी संविदा समाप्त कर दी है।