बरेली कॉलेज रोड पर फिर होने लगे गड्ढे
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 60 करोड़ से बनी बरेली कॉलेज रोड पर फिर गड्ढे होने लगे हैं। इसी रोड पर नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों के आवास भी हैं। जुलाई में पानी की पाइप लाइन फटने के बाद इस सड़क पर 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया था। इस रोड की गारंटी तीन साल की थी, लेकिन समय पूरा होने के बाद अब इसकी देखरेख निगम की ओर से की जा रही है। वीआईपी रोड होने के बाद भी लोग रोड पर चलने से परेशान हो रहे हैं।
बीसलपुर रोड फिर हुई बदहाल
पीलीभीत रोड से बीसलपुर की ओर जाने वाली सड़क पर फिर गड्ढों की भरमार हो गई है। एक साल पहले एक करोड़ रुपये से इस रोड की मरम्मत कराई गई थी। कुछ दिन तक रोड ठीक रही, लेकिन लगातार बारिश के चलते रोड फिर उखड़ गई है। यह रोड शहर की महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है। यहां से बीसलपुर जाने वाले लोग दिनभर निकलते हैं। रोड टूटी होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गड्डों में वाहन चलाने से होते हैं ये नुकसान
- गड्ढों के झटकों से रीढ़ की हड्डी पर लगातार दबाव पड़ता है, जिससे तेज कमर दर्द की शिकायत हो सकती है।
- अचानक लगने वाले झटकों से दो हड्डियों के बीच का गद्दा यानी इंटरवर्टेब्रल डिस्क खिसक सकती है।
- लगातार झटके लगने से घुटनों, कूल्हों और पीठ की मांसपेशियों व लिगामेंट्स पर बुरा असर पड़ता है।
- गहरे गड्ढों वाले रास्तों पर गाड़ी चलाने से हड्डियों में छोटे-छोटे क्रैक या फ्रैक्चर तक हो सकते हैं।
(नोट : जिला अस्पताल के डॉ. दिनेश गंगवार के मुताबिक)
नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि बारिश के बाद सड़कों पर हुए गड्ढों को भरवाया जा रहा है। कई सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर प्रकिया भी चल रही है।