बरेली। बाबा अलखनाथ मंदिर भक्तों को जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। पर्यटन विभाग की परियोजना के लिए प्रदेश सरकार ने 12 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। इस बजट से मंदिर का सुंदरीकरण कराने के साथ ही ओपन थिएटर, वैदिक लाइब्रेरी सहित अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।
नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत नाथ मंदिरों को संवारने का काम किया जा रहा है। पर्यटन विभाग के मुताबिक इस परियोजना के तहत अलखनाथ मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जाएंगे। यहां एक पार्किंग क्षेत्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही ओपन थियेटर, परिसर में फूल व प्रसाद के लिए नई दुकानें, एक बड़ा बहुउद्देशीय हॉल और वैदिक लाइब्रेरी बनाने के साथ ही प्रवेश द्वार भी आकर्षक बनाया जाएगा।
मंदिर में साल भर श्रद्धालु आते हैं। सावन माह में यह संख्या कई गुना तक बढ़ जाती है। मौजूदा समय में यहां सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी, खासकर पार्किंग की। नई परियोजना से इन समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
उप निदेशक पर्यटन रविंद्र कुमार ने बताया कि अलखनाथ मंदिर बरेली ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान है। बजट मिलने के बाद अब यहां जल्द काम शुरू होगा। संवाद