फतेहगंज पूर्वी। रामगंगा नदी और बहगुल नदी में जलस्तर बढ़ने से गांवों के किनारों पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है। इससे ग्रामीणों का जन-जीवन प्रभावित हो रहा है। इसके चलते मंगलवार को फरीदपुर तहसीलदार रजनीश सक्सेना ने रामगंगा नदी के किनारे बसे गांवों कादरगंज, पढ़ेरा, नगरिया कला, मानपुर, शिवराजपुर, वंड़िया और बहगुल नदी के किनारे गांव खाता, महोलिया, बाकरगंज, उचसिया, लखनपुर, कजरौटा, कुठला, सलेमपुर फतेहगंज में निरीक्षण किया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के अलावा सचिवों को निर्देश दिए और कहा कि पंचायत घरों, बरातघरों में बाढ़ से प्रभावित लोगों के रहने की व्यवस्था की जाए। बहगुल नदी में सोमवार सुबह से जलस्तर बढ़ने से बाकरगंज गांव के मुख्य रास्ते पर चार फुट तक पानी का बहाव है। इससे पंचायतघर, बरात घर सहित ग्रामीणों के घरों में पानी भर गया। बाढ़ के चलते उचसिया गांव, श्मशान घाट, पशु अस्पताल, दातागंज मार्ग स्थित शकुंतला देवी विद्या मंदिर में भी पानी भर गया है। संवाद
किच्छा नदी के पानी से फसलें जलमग्न
शेरगढ़। बाढ़ से किच्छा नदी के तटवर्ती गांवों के लोगों की नींद उड़ गई है। क्षेत्र के गांव नगरिया कला कस्बापुर, बरीपुरा, मोहम्मदपुर, रजपुरा,कमालपुर, लखीमपुर बैरमनगर, कबरा किशनपुर आदि गांवों के किसानों की खेतों में खड़ी सैकड़ों बीघा गन्ना, धान, ज्वार, बाजरा आदि फसल पानी में डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। नगरिया कलां गांव में पंचायत सचिवालय, अन्नपूर्णा खाद्य गोदाम, आरआरसी सेंटर, युवा विकास केंद्र, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय भी जलमग्न हो गए हैं। थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने पुलिस कर्मियों के साथ किच्छा नदी के निकटवर्ती गांवों का दौरा कर लोगों से एहतियात बरतने को कहा है। संवाद
थाना परिसर की बाउंड्री वॉल गिरी
शाही। लगातार हो रही बारिश से कस्बा स्थित थाना परिसर की बाउंड्री वॉल धराशाई हो गई। दीवार गिरने से पश्चिम दिशा की सड़क पर मलबा फैल गया। पश्चिम दिशा में ही पुलिस कर्मियों के आवास और रसोई घर बना हुआ है। संवाद