बरेली। कलक्ट्रेट सभागार में गंगा दशहरा, बकरीद और बड़ा मंगल के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि बड़ा मंगल पर आयोजित होने वाले भंडारों से सड़क पर जाम की स्थिति न बने इसलिए भंडारा उपयुक्त स्थान पर लगाए जाएं। बकरीद पर किसी दशा में सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए। कांवड़ यात्रा शुरुआत से पूर्व निर्धारित मार्गों पर जर्जर बिजली के तार दुरुस्त कर लिए जाएं।
डीएम ने गंगा दशहरा पर्व पर जिले में जहां-जहां मेला लगता है, वहां श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं इसके लिए बैरिकेडिंग, साइनेज बोर्ड, वॉच टावर बनाने के लिए कहा। बिजली और अनाउंसमेंट की व्यवस्था हो। महिलाओं को कोई दिक्कत न हो। 17 जून को बकरीद के मौके पर कोई अव्यवस्था न हो, इसके लिए नमाज का समय अलग-अलग निर्धारित करने को कहा। ईदगाह भरने पर मस्जिद में नमाज अदा करने, नमाज या कुर्बानी को लेकर नई परंपरा न डालने, लाउडस्पीकरों को निर्धारित डेसिबल में चलाने, नमाज के बाद कोई भड़काऊ भाषण न देने, खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने, अवशेष नालियों में न बहाने समेत अन्य दिशानिर्देश दिए।
18 जून को बड़ा मंगल पर मंदिरों में भंडारा आयोजित होगा। भंडारों का आयोजन ऐसे स्थानों पर करने को कहा जहां सड़क जाम की स्थिति न हो। लिहाजा, आयोजकों को पहले से ही स्थान चयन करने को कहा। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भडकाऊ पोस्ट न डाली जाए। बैठक में एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एसपी सिटी राहुल भाटी, एसपी ट्रैफिक शिवराज सिंह, एसपी देहात, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला अन्य मौजूद रहे।