बरेली। अतिक्रमण से सड़कें संकरी हो गई हैं। पुलों के नीचे दुकानें लगने और वाहन खड़े होने की वजह से जाम लग रहा है। इससे निपटने के लिए नगर निगम के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। निगम अब तक पार्किंग की उचित व्यवस्था भी नहीं कर सका है। चौकी चौराहे से पटेल चौक तक, बरेली कॉलेज रोड, चौपुला रोड, नॉवल्टी से पुराने बस अड्डे, कोतवाली से घंटाघर, जिला पंचायत रोड, कोहाड़ापीर, बानखाना आदि मार्गों के किनारे अतिक्रमण है।
कुतुबखाना पर बनाई गई स्मार्ट सिटी की मल्टीलेवल पार्किंग में 84 कारें खड़ी करने की क्षमता है, पर इसके कुछ हिस्से में खराबी की वजह से यहां करीब 55 कारें ही खड़ी हो पा रही हैं। वहीं, महादेव पुल के नीचे कुतुबखाना से कोहाड़ापीर तक दुकानें सजी रहती हैं। दुकानदारों ने पुल के नीचे गोदाम बना लिया है। श्यामगंज पुल के नीचे पहले फूलों और ताले आदि की दुकानें लग रही थीं। अब वहां राजमा-चावल, छोले-कुलछे सहित खान-पान की अन्य दुकानें सज रही हैं। संवाद
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलों के नीचे जिन्होंने कब्जा कर रखा है, उनके सामान को जब्त किया जाएगा। अधिकारियों को स्थायी व अस्थायी पार्किंग बनाने के निर्देश दिए गए हैं। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त