बरेली। 24 घंटे से हो रही झमाझम बारिश से शहर के निचले इलाकों सहित पॉश कॉलोनियों में भी जलभराव हो गया। घरों में जलभराव होने की वजह से लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इसके साथ ही नगर निगम के नाला सफाई के दावों की भी पोल खुल गई। पॉश इलाकों में शुमार सिविल लाइंस, डीडीपुरम समेत सुभाषनगर, पुराने शहर के सूफी टोला, हजियापुर, घेर जाफर खां, रबड़ी टोला, काजी टोला, कुरैश नगर, बजरिया इनायतगंज, मीरा की पैठ, सतीपुर, बीसलपुर चौराहा, फाइक एन्क्लेव में लोग जलभराव से जूझते रहे।
सिविल लाइंस स्थित मिशनरी कंपाउंड में बना नाला ओवरफ्लो हो गया। इससे वहां बने मकानों में पानी भर गया। सड़कें भी लबालब हो गईं। लोग घरों से बाहर आ गए। कंपाउंड में रहने वाले शिव आशीष ने बताया कि उन्होंने नाले की सफाई न होने की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों समेत महापौर से भी की थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बृहस्पतिवार देर रात से शुरू हुई बारिश के बाद पहले सड़कों पर पानी भरा, फिर घरों में घुस आया। शुक्रवार सुबह 10 बजे से मुहल्ले के लोग बाल्टियों और पंप सेट से पानी को बाहर निकालने में जुटे रहे।
सुभाषनगर पुलिया के नीचे बहने वाले नाले के पानी का दो ओर डायवर्जन किया गया था। इसके बाद भी शुक्रवार को यह नाला उफान पर रहा। सुभाषनगर पुलिया पर जलभराव की स्थिति बनी रही। मढ़ीनाथ रोड पर भी निर्माणधीन सड़क और जलभराव के कारण लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।
पुराने शहर के सैलानी समेत हजियापुर में भी जलभराव हुआ। सूफी टोला, कटीकुइयां, कांकरटोला, रबड़ी टोला, काजी टोला, कुरैश नगर, बजरिया इनायतगंज में भी बुरा हाल रहा। इन इलाकों में लोगों को धार्मिक स्थलों पर जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
यहां भी हुआ जलभरावपॉश इलाके डीडीपुरम समेत मलूकपुर, घेर शेख मिट्ठू, मॉडल टाउन, कृष्णा नगर, जनकपुरी, किला के जखीरा, कटघर, बाकरगंज, स्वालेनगर, नैनीताल रोड, शाहबाद, कोहाड़ापीर इलाके में जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि, बारिश हल्की होने के बाद एक घंटे में स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन नालों के कीचड़ और बदबू ने लोगों को काफी परेशानी किया।