सेंथल। स्वच्छ पेयजल घर-घर तक पहुंचाने के लिए खोदी गई सड़कें ग्रामवासियों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई हैं। टांडा सादात गांव में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को कबाड़ बना दिया है।
इसकी वजह से सड़कों पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के मकसद से पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोदा गया था।
कई जगह पाइपलाइन बिछाने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। ग्राम निवासी उस्मान अली ने बताया कि गांव में पानी की टंकी लगाने के लिए कई माह पहले मोहल्ला नई बस्ती की सड़क को खोदा गया था।
काफी समय बाद भी पूरी सड़क पर पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी है। इसकी वजह से सड़क पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। इससे सड़क पर दोपहिया वाहन लेकर निकलने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वहीं, अशफाक ने बताया कि पूरे गांव की सड़कों की हालत खराब है। कहीं पाइपलाइन बिछा दी गई है तो कहीं अभी बिछाना बाकी है। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत भी नहीं की गई है। संवाद