बरेली। बीसलपुर चौराहे पर नाला चोक होने से वार्ड 62 चक महमूद और 71 नई बस्ती के बीच में खैराती वाले कब्रिस्तान वाली सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है। इस सड़क से गुजरने वाले छह वार्डों के 20-25 हजार लोग परेशान हैं, पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
चक महमूद में नवाब साहब की कोठी के पास बने खैराती कब्रिस्तान की सड़क दो वार्डाें में आती है। यहां से गुजर रहा नाला भी दो वार्डाें के पार्षदों की जिम्मेदारी हैं, लेकिन अधिकतर समय यह चोक रहता है। आए दिन लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पार्षदों का कहना है कि बीसलपुर नाला बंद होने की वजह से परेशानी हो रही है। समय-समय पर मशीन लगाकर नाले को साफ कराया जाता है। संवाद
जगतपुर में सप्ताह में दो बार मशीन से सफाई, हमें क्यों नहीं दी जा रही राहत
जगतपुर में सप्ताह में दो बार मशीन लगाकर नाले की सफाई कराई जा रही है तो हमें राहत क्यों नहीं दी जा रही है? - अजय कुमार शर्मा
सर्दियों में कुछ राहत मिलती है, क्योंकि पानी कम खर्च होता है। गर्मियों में हमेशा जलभराव की समस्या बनी रहती है। - राजू
दोनों पार्षद राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। बीसलपुर का नाला बनने तक अस्थायी राहत तो मिलनी चाहिए। - नन्ने खान
जलभराव से परेशानी होती है। लोग समस्याओं से जूझ रहे हैं और जिम्मेदार अफसर हमें समझाकर चले जाते हैं। - मोहम्मद उमर
पार्षद बोले... बीसलपुर चौराहे का नाला ठीक होने पर मिलेगी राहत
हमेशा मैं ही वहां पर मशीन लगवाकर लोगों को राहत देने का काम करता हूं। बीसलपुर नाले से जलनिकासी की व्यवस्था ठीक होने के बाद ही इसका स्थायी समाधान संभव है। - महशर जहां, पार्षद, नई बस्ती
बीसलपुर चौराहे पर नाले से जलनिकासी न होने से दिक्कत है। नाला मेरे वार्ड में ही है, जबकि कब्रिस्तान वाला इलाका दूसरे वार्ड में आता है। काम कोई कराए, जनता को राहत मिलनी चाहिए। - अनीस मियां, पार्षद, चक महमूद
जनता से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। बीसलपुर पुलिया को लेकर जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। उससे पहले अस्थायी राहत दी जाएगी। - डॉ. नैन सिंह, उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी
-
जगतपुर में फिर जलभराव, मशीन लगाकर दी अस्थायी राहत
- बीसलपुर चौराहे की पुलिया का पीडब्ल्यूडी ने नगर निगम को नहीं दिया है एस्टीमेट, नौ वार्ड हो रहे प्रभावित, लेकिन सरकारी विभाग चल रहे कछुए की चाल
बरेली। जगतपुर में बिना बारिश के दोबारा जलभराव होने पर नगर निगम ने मशीन लगाकर लोगों को अस्थायी राहत दी। बीसलपुर रोड पर पुलिया दुरुस्त होने के बाद ही लोगों को अस्थायी राहत मिल सकेगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने अभी तक नगर निगम को एस्टीमेट नहीं सौंपा है। इस वजह से नौ वार्डों के हजारों लोग परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन सरकारी विभाग कछुए की चाल चल रहे हैं।
बीसलपुर चौराहे की पुलिया में महज दो फुट का पाइप लगा होने से जगतपुर नाले के पानी की निकासी नहीं हो पाती। यह सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन है। विभाग ने सेटेलाइट से बैरियर टू चौकी तक सड़क के चौडीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसमें पुलिया का चौड़ीकरण भी शामिल है। अब तक इसकी मंजूरी नहीं मिली है। हाल ही में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर दो-तीन दिन में पुलिया का एस्टीमेट व एनओसी देने की बात कही थी, पर अब तक दिया नहीं। इससे जनता के लिए राहत की राह नहीं खुल पा रही है। संवाद
इधर व्यस्तता अधिक है। कई रिपोर्ट शासन को भेजी जानी हैं। रात 12 बजे तक काम चल रहा है। पुलिया का एस्टीमेट बना हुआ है। उसे जल्द ही हम नगर निगम को दे देंगे। - भगत सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी