दलदल बन चुके श्यामगंज क्षेत्र से गुजरते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गलियों में दौड़ रहीं बाइकें स्थानीय लोगों के लिए बन रहीं खतरा
बरेली। श्यामगंज से बरेली कॉलेज की ओर सड़क ही गायब हो गई है। जल निगम की टीम सीवर लाइन बिठाने के लिए सुस्त गति से पूरा रोड घेरकर खुदाई कर रही है, इसकी वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित है। रही सही कसर बारिश में दलदल हो जाने से पूरी हो गई है। इसमें वाहन फिसलने के साथ ही लोग गिर रहे हैं। मुसीबत से बचने को लोग संकरी गलियों में बाइक दौड़ा रहे हैं, इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। अमर उजाला टीम ने बुधवार को इस रास्ते के हालात का जायजा लिया तो हर ओर मुसीबत का नजारा दिखा।
मेन रोड खोद डाली.. बाइक निकलने की भी जगह नहीं
श्यामगंज चौकी से कालीबाड़ी रोड पर जल निगम की ओर से सीवर लाइन का काम चल रहा है। ऐसे में मेन रोड पर कई जगह गहरी खुदाई से बड़ी खाई बनाकर सड़क अवरुद्ध कर दी गई है। सेटेलाइट दिशा में खुदाई के दौरान सड़क का एक हिस्सा खुदाई से बचा दिया गया था, जिससे ट्रैफिक आसानी से निकल जाता था। अब यह व्यवस्था भी लगभग खत्म है। मामूली सी पगडंडी नुमा जगह पर बचते-बचाते अगर दोपहिया वाहन सवार लोग निकलते भी हैं तो वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। बुजुर्ग और बच्चे पैदल चलते समय भी दलदल में फंसकर जब तब गिरते रहते हैं।
गलियों में दौड़ रहीं बाइक, ई-रिक्शे
श्यामगंज और कालीबाड़ी का मेन रोड बंद होने पर पूरे दिन दोपहिया वाहन इन मोहल्लों की तंग गलियों में दौड़ते हैं। ई रिक्शा, ठेली भी यहां से निकलती हैं जिससे स्थानीय लोगों को खतरा बना हुआ है। छोटे बच्चे अब पहले की तरह गली में नहीं खेल सकते। यहां सुबह से देर शाम तक वाहन दौड़ते रहते हैं जो उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा मोहल्लों के अंदर भी कई जगह सड़क निर्माण जारी रहने से रास्ते अवरुद्ध हैं। कोई वाहन चालक गलियों से होकर जाना चाहता भी है तो आगे जाकर फंस जाता है और फिर बेहद संकरे रास्ते से वापस लौटना कष्टदायक हो सकता है।
टेंपो स्टैंड सड़कों पर.. कहां से निकलें लोग
श्यामगंज इलाके में मुसीबत के मारे लोगों को और परेशान करने की कोशिशें कम नहीं हो रही हैं। दलदल से बचे लोगों को श्यामगंज चौराहे से फलमंडी की ओर बढ़ते ही फिर रास्ता बंद मिलता है। यहां पेट्रोल पंप साइड का रास्ता टेंपो कब्जाए रहते हैं। यहां अवैध रूप से एक टैक्सी स्टैंड बनाया गया है। इससे वाहनों को निकलने को लिए रास्ता कम पड़ता है। सेटेलाइट चौराहे तक ऐसे और भी अवैध स्टैंड बनाए गए हैं।
जल निगम के काम को बंद कराना तो संभव या सही नहीं है। संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश जरूर देंगे कि काम को जल्दी निपटाएं। दलदल खत्म कराकर रास्ते का कुछ हिस्सा चलने लायक बना दें। - नितीश कुमार, डीएम
श्यामगंज चौकी से कालीबाड़ी रोड लगभग बंद होने से ट्रैफिक की समस्या हो रही है। काफी वाहन श्यामगंज बाजार में होकर निकलते हैं जिससे सामाजिक दूरी का नियम टूटता है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समस्या दूर कराने की कोशिश करेंगे। - शैलेश पांडेय, एसएसपी