सैदापुर गांव में बाढ़ से कटे मार्ग की मरम्मत के लिए एक करोड़ सत्ताईस लाख रुपये शासन से मंजूर।
शासन से 1.27 करोड़ रुपये स्वीकृत, निर्माण के लिए पहली किस्त 27.62 लाख जारी
फरीदपुर। सैदापुर गांव में बाढ़ से कटे मार्ग का अब एक करोड़ 27 लाख रुपये से कायाकल्प होगा। इससे 25 गांवों के 20 हजार लोगों को सीधेतौर पर लाभ होगा। शासन की तरफ से निर्माण के लिए पहली किस्त 27.62 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
कैलाश नदी (बहगुल) में विगत माह आई बाढ़ से सैदापुर गांव के पास बने पुल के समीप सड़क बह गई। करीब 25 गांव के लोगों का आवागमन बंद हो गया। पैदल निकलने के लिए, जो पगडंडी बची थी। वह भी अभी चल रही बाढ़ में बह गई। जनता की समस्या को देखते हुए मार्ग की मरम्मत करने के लिए फरीदपुर विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल ने शासन में पैरवी की। शासन से 1.27 करोड़ रुपये से मार्ग के मरम्मत की मंजूरी मिल गई है। मार्ग के निर्माण के लिए शासन ने पहली किस्त पीडब्ल्यूडी विभाग को भेज दी है। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जल्द ही इसका टेंडर निकालकर कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद