मीरगंज। नेशनल हाईवे पर नल नगरिया तिराहे से गुलड़िया गौरीशंकर तक निर्मित गोरा हेमराजपुर पुल व सड़क बारिश से कट गई है। 2020 में निर्मित इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं, जो हादसे को दावत दे रहा है।
रामगंगा नदी पर बना गोरा हेमराजपुर पुल के पास बारिश शुरू होते ही पुल की सड़क जगह-जगह से धंस गई है। अब इस पुल को जल्द ही बंद करना पड़ सकता है। यह सड़क मीरगंज और आंवला तहसील को जोड़ता है। सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए इस सड़क और पुल का निर्माण कराया था ताकि बरसात में भी लोगों का आना-जाना बना रहे। जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ठेकेदार की लापरवाही एवं सड़क पर मानक के अनुसार निर्माण कार्य नहीं कराने के कारण अब यह जानलेवा साबित हो रहा है।
प्रतिदिन डेढ़ से दो हजार वाहन गुजरते हैं
इस मार्ग से प्रतिदिन डेढ़ से दो हजार वाहन गुजरते हैं, लेकिन इस मार्ग के खस्ताहाल होने से अब लाखों लोगों को परेशानी होगी। अगर इसे बंद कर दिया जाता है तो लोगों को घूमकर लंबे मार्ग को चुनना होगा। इससे लोगों के किराये का खर्च महंगा होगा। साथ ही काफी समय आवागमन में नुकसान होगा।
सावन से पहले भी नहीं कराया ठीक
चंद दिन बाद सावन का महीना भी शुरू होने वाला है। दर्जनों गांवों के शिवभक्त इस सड़क से गंगाजल भरने के लिए हरिद्वार आदि जगहों पर जाते हैं। अगर विभाग ने रोड ठीक नहीं किया तो कांवड़ियों को जल लेने जाने के लिए परेशानी होगी।
जल्द ही ओवरहॉलिंग का एस्टीमेट होगा तैयार : जेई
पीडब्ल्यूडी के जेई कुलदीप कुमार ने बताया कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह कई जगह से धंस गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विभाग जल्द ही ओवरहाॅलिंग का एस्टीमेट तैयार करेगा। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर बैरियर लगाकर इसे बंद कर दिया जाएगा।
गोरा हेमराजपुर पुल के पास गड्ढे