बरेली। सीएम योगी की सड़कों की खराब हालत पर नाराजगी जाहिर करने के बाद पीडब्ल्यूडी अफसरों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अफसरों ने अपने उच्चाधिकारियों को इसके लिए नगर निगम का ड्रेनेज सिस्टम बदहाल होने का राग फिर से अलापा है। पीडब्ल्यूडी के चीफ प्रमेश गुप्ता ने अधिकारियों के साथ किला-चौपुला सहित कई सड़कों का निरीक्षण भी किया है। हालांकि चौपुला पुल सहित दूसरे पुलों पर गड्ढे होने से खतरा बना हुआ है।
सीएम के आदेश के बावजूद शहर की सड़कों की हालत ठीक नहीं की गई है। कुछ जगहों पर बजरी और मिट्टी डालकर पैच वर्क हुए भी हैं लेकिन बारिश की वजह से उन पर कोलतार नहीं डाला जा सका है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि शहर की तमाम सड़कें नगर निगम के खराब ड्रेनेज सिस्टम की वजह से टूट रही है। किला-चौपुला रोड पर सिटी स्टेशन के सामने नगर निगम ने नाला ठीक नहीं कराया है। रोड से नाला ऊंचा होने से बारिश का पानी सड़क पर भर जाता है। इससे रोड उखड़ने लगती है। किला ओवरब्रिज की सर्विस लेने भी इसी वजह से टूट रही है। रेल लाइन की एक ओर बाउंड्री है तो दूसरी तरफ पुल की दीवार है। नाला न बना होने से बारिश का पानी भर जाता है। इससे यहां गड्ढे हो जाते हैं। यही हाल किला बाईपास रोड पर है। यहां भी एक ओर रेल लाइन है और दूसरी रोड नाला है, जिसमें ठीक से बहाव नहीं है। इसी तरह तमाम दूसरी सड़कें भी पानी भरने से खराब हो रही है। चीफ इंजीनियर का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर निगम के अधिकारियों को लेटर भी भेजे जा चुके हैं। उन्होंने खुद कई सड़कों का निरीक्षण किया है। किला रोड पर मरम्मत करा दी गई है।