बरेली। आईडीए कैंट की ओर से एसआरएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान पर फ्लड लाइट की रोशनी में आयोजित आईडीए कैंट क्रिकेट प्रीमियर लीग का रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। पुरुष वर्ग में आरके सुपरकिंग्स की टीम विजेता बनी।
फाइनल मुकाबले में बरेली रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 174 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। जवाब में आरके सुपरकिंग्स टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. अनूप आर्य ने बताया कि बच्चों की श्रेणी में अयांश ब्लासटर्स टीम ने फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला वर्ग में अल्फा एंजल्स टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिला पुरस्कार
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार डॉ. महेश त्रिपाठी, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक डॉ. सुधांशु और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज डॉ. दिनेश राय को दिया गया। आदित्य मूर्ति को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। महिला वर्ग में डॉ. सीमा माहेश्वरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, डॉ. नेहा को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और डॉ. चारु को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार प्राप्त हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ एसीएमओ डॉ. लईक अंसारी, डॉ. रवीश अग्रवाल, डॉ. रवि मेहरा, डॉ. अतुल श्रीवास्तव, सचिव डॉ. अंशु अग्रवाल, डॉ. डीपी गंगवार आदि मौजूद रहे।