पीलीभीत। शारदा नदी का जलस्तर कम होने से रविवार को राहुलनगर गांव में स्थिति कुछ सामान्य हुई है। शनिवार को जलस्तर बढ़ने से गांव में भरा पानी रविवार को उतरने लगा है। एसडीएम चंद्रभान, नायब तहसीलदार, अधिशासी अभियंता समेत अफसर गांव में कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को ग्रामीणों का परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। शनिवार रात डीएम वैभव श्रीवास्तव ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ पीड़ितों को खाने और उनकी सुरक्षा का खास ध्यान रखने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार अनुराग सिंह ने बताया कि गांव से पूरी तरह से पानी निकल गया है। बाढ़ पीड़ितों को जरूरी सारी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाई दिलवाई गई है। हालांकि नदी का जलस्तर कहीं फिर न बढ़ जाए, इसे लेकर ग्रामीणों दहशत में हैं।