बरेली। डायबिटीज (मधुमेह) सिर्फ वयस्कों तक सीमित नहीं। जिला अस्पताल के एनसीडी क्लिनिक में प्रतिमाह टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित करीब दस बच्चे इंसुलिन लेने पहुंचते हैं। डॉक्टर ने बच्चों के इंसुलिन की डोज बिना चिकित्सकीय परामर्श बंद नहीं करने की सलाह दी है।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज के मामले आते हैं। यह आनुवांशिक होता है। इसमें शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बनता। ऐसे में मरीज को नियमित इंसुलिन लेना पड़ता है। अगर नियमित परामर्श, जरूरी शारीरिक गतिविधि बनी रहे तो ये स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। कई बार अभिभावक बच्चों को स्वस्थ देख इंसुलिन की डोज बंद कर देते हैं। जब बच्चे अन्य रोगों की चपेट में आते हैं तो परामर्श के लिए पहुंचते हैं।
डॉ. राजेश ने अभिभावकों को बिना परामर्श इंसुलिन की डोज बंद न करने की सलाह दी है। कहा, जब पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बनती तो डोज दी जाती है। यह वजन आधारित होती है। इसमें कोताही नहीं होनी चाहिए।
जिला अस्पताल में निशुल्क मिलती है इंसुलिन
एनसीडी क्लिनिक प्रभारी डॉ. मयंक के अनुसार, जिला अस्पताल में बड़े हों या बच्चे, उनके इलाज के लिए दवा और इंसुलिन निशुल्क दिया जाता है। बताया कि टाइप-1 डायबिटीज का सटीक इलाज अब तक नहीं है। बड़ों में अनियंत्रित खानपान, शारीरिक गतिविधि में कमी आदि वजहों से डायबिटीज की आशंका रहती है। जिले में प्रतिमाह अनुमानित करीब डेढ़ हजार लोग चपेट में मिल रहे हैं।
पैरों का रखें ख्याल
रोजाना पैरों और तलवों की जांच करें। नंगे पैर न चलें और चोट लगने से बचाएं। आरामदायक व नरम तलवे वाले जूते-चप्पल पहनें। पैरों में छाला, कट या घाव होने पर अनदेखी न करें। घाव ठीक न हो या संक्रमण के लक्षण दिखें तो तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।
ये लक्षण दिखें तो कराएं जांच
- बार-बार और अधिक मात्रा में पेशाब आना।
- बार-बार तेज प्यास लगना और भूख बढ़ना।
- वजन घटना, थकान, सुस्ती, कमजोरी होना।
बचाव के उपाय
- संतुलित और पौष्टिक आहार लें। फास्ट फूड, मीठे पेय व मीठे खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखें।
- खेलकूद, शारीरिक गतिविधि बढाएं। वजन को उम्र के अनुरूप बनाए रखें।
- परिवार में डायबिटीज की हिस्ट्री होने पर चिकित्सक से सलाह लें।
- ब्लड शुगर की नियमित निगरानी करें।