बरेली। कोविड टीकाकरण अभियान में बुधवार को करीब एक पखवाड़े बाद 91 फ ीसदी लोगों को वैक्सीन लगाई गई। हालांकि 45 पार वालों का टीकाकरण का प्रतिशत 63 रहा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को हरुनगला के जूनियर हाईस्कूल, काली मंदिर, यूपीएचसी, ममता आश्रम को क्लस्टर बनाया गया। सभी केंद्रों पर क्रमश: 49, 51, 56, 41 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इनमें महिलाओं की तादाद ज्यादा रही। पार्षद नरेश शर्मा ने बताया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने क्लस्टर वैक्सीनेशन के सत्र का शुभारंभ किया जो सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक चला। लोगों को घर-घर जाकर टीका लगवाने को प्रेरित किया गया। क्षेत्र में 36 टीमों को तैनात किया गया है जो बृहस्पतिवार को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेंगी।
जिला प्रतिरक्षिण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि शहर में हरुनगला, जगतपुर को क्लस्टर बनाया गया है। इसके अलावा फरीदपुर, कुआटांडा, बिथरी में भी कई ग्राम पंचायतों के लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। सात हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 3490 लोग प्रतिरक्षित हुए हैं। 18 से 44 आयुवर्ग के 91.46 फीसदी, 45 पार के 63.59 फीसदी प्रतिरक्षित हुए।
टीकाकरण अभियान में महिलाओं की संख्या बढ़ी
बुधवार को आयोजित क्लस्टर के 103 सत्रों में टीमें जिन घरों पर पहुंची वहां महिलाओं ने पुरुषों के प्रतिरक्षित होने की जानकारी देते हुए घर के कामकाज की व्यस्तता की वजह से खुद ो वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र तक जाने में असमर्थता जता दी। टीम ने महिलाओं का आधार कार्ड देखा। शासनादेश के तहत पात्र होने पर उन्हें वैक्सीन लगाई। क्लस्टर में 60 फीसदी महिला प्रतिरक्षित हुईं।
मेरे पति ने वैक्सीन लगवा ली थी। अब मुझे भी टीका लग गया है। केंद्र से मेरा घर करीब 15 किलोमीटर दूर है लेकिन फिर भी टीकाकरण की जरूरत को देखते हुए यहां आई हूं। - रेखा, ग्राम डंडिया
वैक्सीन के लिए पंजीकरण नहीं कराया था लेकिन पति ने आरोग्य सेतु से तुरंत स्लॉट बुक किया और वैक्सीन लग गई। कोरोना से बचाव का यही मजबूत विकल्प है। लोगों को खुद टीका लगवाना चाहिए। - भुवनेश्वरी देवी, मोहल्ला आदर्श नगर