बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रावास में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) की जीत के जश्न में डूबे छात्रों ने जमकर हंगामा किया। इसका वीडियो अब वायरल हुआ है। इसमें छात्रों द्वारा फेंकी गई कुर्सियां, मेज और अन्य सामान उपद्रव की कहानी बयां कर रहे हैं।
मेन्स छात्रावास में बीटेक, बीफार्मा के छात्र रहते हैं। बताते हैं कि बीटेक अंतिम वर्ष के जिन छात्रों की परीक्षाएं चल रही थीं, वही ठहरे हैं। शेष घर जा चुके हैं। इन्हीं छात्रों द्वारा अमर्यादित तरीके से जश्न मनाया जाना प्रतीत हो रहा है। संबंधित वीडियो तीन जून का बताया जा रहा है। जिस दिन आरसीबी की जीत पर देशभर में जश्न का माहौल था। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि छत से बेंच, मेज और कुर्सियां नीचे फेंकी जा रही हैं। पास के कचरे के ढेर में आग लगा दी गई। इन कारगुजारियों का वीडियो छात्रों ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था। जश्न के नाम पर उपद्रव के वायरल वीडियो का संज्ञान अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने नहीं लिया है। ब्यूरो