बरेली। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की बरेली ब्रांच के विद्यार्थियों ने मई 2026 में आयोजित सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। देशभर में जहां इस बार दोनों ग्रुप का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 8.47 प्रतिशत, ग्रुप-1 में 10.25 प्रतिशत और ग्रुप-2 में 16.11 प्रतिशत रहा, वहीं बरेली की रिद्धी अग्रवाल ने शहर में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरवान्वित किया है, जबकि राम खंडेलवाल दूसरे और वसुंधरा वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
परीक्षा परिणाम के अनुसार, शहर के कुल 11 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण करने में सफलता पाई है, जिनमें रिद्धी अग्रवाल, राम खंडेलवाल, वसुंधरा वर्मा, अविरल गुप्ता, केशव अग्रवाल, कृष, तृषा गोयल, मोहित बजाज, तनय, शिवम और अनुष्का शामिल हैं। इसके साथ ही, एक ग्रुप उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों में भूमि, गरिमा आहूजा, तनिष्का गुप्ता, अनन्य वर्मा, माधव, निश्चय, रिया कपूर, कृष कुमार, पर्व गुप्ता, रिया वर्मा, प्रियांशी, संस्कार द्विवेदी, शुभ गुप्ता, महिरा खान, बुशरा खान, तनय अग्रवाल और ध्रुव खंडेलवाल ने अपना नाम दर्ज कराया है।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर आईसीएआई बरेली ब्रांच के चेयरमैन सीए नीरज अग्रवाल ने सभी सफल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सिकासा चेयरमैन सीए सुमित अग्रवाल ने इसे पूरे बरेली सीए परिवार के लिए गर्व का विषय बताया। वहीं, ब्रांच के उपाध्यक्ष सीए विनीश अरोड़ा ने कहा कि देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में से एक होने के बावजूद बरेली के विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। इस दौरान सचिव गौरव अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीए अमित टंडन, कोषाध्यक्ष सीए अंकित मेहरा, सीए अतुल अग्रवाल, सीए प्रदीप तिवारी आदि ने बधाई दी।