मलयेशिया में आयोजित 10वीं ऐशियन पेसिफिक डेफ प्रतियोगिता में पदक जीतकर बरेली का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ी रिदम को शहर लौटने पर मंगलवार को इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण व एक रजत पदक जीतने पर इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य चमन जहां ने रिदम को माला पहनाकर मिठाई खिलाई। वहां मौजूद छात्राओं ने खुशी का इजहार करते हुए रिदम को गोद में उठा लिया। उनके साथ सेल्फी ली। छात्राओं ने 'मेरे देश की बेटी' गाने पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रिदम की हौसला अफजाई की।
विज्ञापन
रिदम की मां ने प्रधानाचार्य, खेल शिक्षिका रश्के महर व शहनाज हुसैन को जीत का श्रेय दिया। सैयद कमर अली, प्रबंधक हसीन हुसैन, शहजाद, सबीहा माजिद, अर्चना श्रीवास्तव, सबा अजमत, पूनम सक्सेना आदि मौजूद रहीं।
इज्जतनगर में निकाला रोड शो
रिदम के तीन पदक जीतने की खुशी में इज्जतनगर में रोड शो निकाला गया। ढोल-नगाड़े की थाप व आतिशबाजी के बीच खुली जीप में रिदम सभी का अभिनंदन करते हुए चल रहीं थीं। कोच अजय कश्यप के साथ रोड नंबर-4 पर सभी खिलाड़ियों को मिठाई बांटी गई। इस दौरान नरमू के केंद्रीय अध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी, चीफ कंट्रोलर संजय सिंह, गीता शर्मा, कुणाल चौधरी, पंकज कुमार, शैलेंद्र शर्मा ने माला व शॉल पहनाकर रिदम को सम्मानित किया।