बेधड़क अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल बागी हुई अपनी बेटी साक्षी की ओर से लगाए आरोपों के बाद घर की चहारदीवारी में ही सिमटे हुए हैं।
सियासी और सामाजिक तौर पर उनके करीबी लोगों का जरूर उनके घर और कार्यालय पर जमावड़ा लगा है। बेटी साक्षी ने खुलासा किया है कि पिता पढ़ाई पूरी कराए बिना उसकी शादी किसी अफसर से कराना चाहते थे।
घर के ड्राइवर को यह जानकारी थी, लेकिन मुझसे पूछा तक नहीं। बेटी के आरोपों को लेकर लगातार सवालों से हताश विधायक अब इस मुद्दे पर ज्यादा बात भी नहीं करना चाहते। शनिवार को विधायक राजेश मिश्रा के आशियाना कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय पर समर्थकों से घिरे रहे। सांसद धर्मेंद्र कश्यप भी उनसे मिलने पहुंचे।
साक्षी के भाई विक्की का कहना है कि उनकी बहन का चाहे जो आरोप हो, लेकिन उन्होंने उसे हर तरह से सपोर्ट किया। उसने पढ़ाई के लिए जयपुर जाने की इच्छा जताई तो उन्होंने ही परिवार में उसकी पैरवी की। जयपुर के जिस कॉलेज में मोबाइल प्रतिबंधित था, वहां उसे उसकी फरमाइश पर 20 हजार रुपये का मोबाइल भी दिलाया।
वीर सावरकर नगर में अजितेश उर्फ अभि का घर है। टीवी चैनलों से बातचीत में उसके पड़ोसियों ने सवाल उठाए। कई लोगों का कहना था कि अजितेश कॉलोनी में दबंग तरीके से रहता था। एक मामले में मारपीट के बाद अजितेश ने तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट भी लिखाई थी।
विधायक बोले- मेरे सामने घर पर नहीं फटकता था अजितेश
विधायक मिश्रा ने कहा कि अजितेश उर्फ अभि उनके बेटे विक्की का दोस्त था। हालांकि उसकी और विक्की की उम्र में काफी अंतर है। उनका दावा है कि अजितेश तभी उनके घर आता था, जब वह नहीं होते थे। विधायक दावा करते हैं कि बेटे और दोनों बेटियों से वह हमेशा दोस्ताना व्यवहार रखते थे।