सिलहरी। दवा लेने बेटे के पास हरियाणा गए सेवानिवृत रोडवेज चालक राजेंद्र सिंह की डीसीएम की टक्कर से मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके बेटे को शव सौंप दिया। देर रात तक शव घर पहुंचेगा।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव नगला शर्की निवासी राजेंद्र सिंह पटेल (60) रोडवेज चालक पद से सेवानिवृत हुए थे। उनका छोटा बेटा सनी पटेल हरियाणा के झज्जर जिला के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला वेदांत नगर में प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रहा है। वहीं निजी चिकित्सक से राजेंद्र सिंह का इलाज चल रहा था। बुधवार को वह दवा लेने गए थे।
हरियाणा में उन्हें तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराने बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार के लोग शव को लेकर बदायूं निकल चुके हैं। देर रात तक शव घर पहुंचने की उम्मीद है।