बरेली। महानिदेशक बेसिक शिक्षा विजय किरन आनंद की ओर से जारी निदेर्शों को मुताबिक शुक्रवार को जिले के परिषदीय विद्यालयों में रिजल्ट वितरण होना है। ज्यादातर विद्यालयों में अब तक रिजल्ट कार्ड नहीं पहुचे है। मूल्यांकन पूरा होेने के बाद तीन दिनों में ही रिजल्ट तैयार होना था। शिक्षकों का कहना है कि रिजल्ट कार्ड अब तक नहीं दिए गए है। इसलिए बच्चों को मौखिक रूप से ही बता दिया जाएगा। कई विद्यालयों को कंपोजिट ग्रांट से रिजल्ट लेने को कहा गया है, लेकिन विद्यालयों का कहना है कि अधिकतर विद्यालयों में कंपोजिट ग्रांट पहले ही खर्च हो चुकी है। हालांकि बीएसए विनय कुमार का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, समय से रिजल्ट वितरित करवाए जाएंगे।
केस- 1
कंपोजिट विद्यालय तिगरा थानपुर के शिक्षक सत्येंद्र पाल का कहना है कि अब तक रिजल्ट कार्ड नहीं मिले हैं। विभाग का कहना है कि प्रधानाध्यापक अपने पास से रिजल्ट बांटना चाहे तो बांट सकते हैं। पहले हर क्लास के लिए अलग रंग के रिजल्ट आया करते थे।
केस-2
प्राथमिक विद्यालय ख्योराजपुर की शिक्षिका शुभांगी ने बताया कि अब तक किसी भी क्लास के लिए रिजल्ट कार्ड नहीं मिले हैं, शुक्रवार को बीआरसी से रिजल्ट कार्ड लिया जाएगा। इसके बाद तुरंत नंबर चढ़ाकर विद्यार्थियों को दे दिए जाएंगे। इसकी पहले से तैयारी नहीं हो पाई है।
केस-3
मॉडल प्राथमिक विद्यालय उनासी की शिक्षिका नम्रता वर्मा ने बताया कि विद्यालय में रिजल्ट कार्ड नहीं आए हैं, न ही विभाग की ओर से कोई दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को ही रिजल्ट बांटना है। सभी बच्चों को मौखिक रूप से ही परीक्षाफल के बारे में बता देंगे।