बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएससी प्रथम सेमेस्टर का परिणाम तो जारी कर दिया लेकिन उसमें एनरोलमेंट नंबर दर्ज नहीं हैं, इससे छात्रों में आक्रोश है। उन्होंने विश्वविद्यालय से एनरोलमेंट नंबर दर्ज करने की मांग की है। यह भी कहा है कि विश्वविद्यालय एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाए।
बरेली कॉलेज के छात्र सुमित शर्मा, राजेश कुमार, प्रीतम सिंह आदि ने परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह को पत्र लिखा है। कहा है कि विश्वविद्यालय की ओर से तय की गई एजेंसी कई बार परिणाम को लेकर लापरवाही कर चुकी है। बार-बार त्रुटियां सामने आ रही हैं। बीकॉम का परिणाम गलत जारी कर दिया गया तो कभी एनरोलमेंट नंबर दर्ज नहीं किए गए। परीक्षा फार्मों में शुल्क आदि की त्रुटियां सामने आईं। इसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में एजेंसी पर कार्रवाई की जानी चाहिए। यह भी लिखित में एजेंसी से लिया जाए कि वह भविष्य में ऐसी गलतियां नहीं करेगी। इसके संचालकों से जवाब भी मांगा जाए।