आंवला। आंवला होकर गुजरने वाली विशेष ट्रेनों का स्टेशन पर ठहराव कराने, जाम से निजात दिलाने के लिए क्रॉसिंग पर अंडरपास बनवाने और बंद की गईं ट्रेनों का फिर से संचालन कराने के लिए शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के डीआरएम आरके सिंह ने जल्द समस्याओं का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।
डीआरएम शुक्रवार को आंवला स्टेशन से गुजर रहे थे। इसकी जानकारी पर भाजपा व सपा के कार्यकर्ता चेयरमैन सैयद आबिद अली के साथ स्टेशन पहुंच गए। तय समय से करीब ढाई घंटे देरी से पहुंची डीआरएम स्पेशल को ग्रीन सिग्नल दे दिया गया। डीआरएम के यहां न रुकने की सूचना पर मौके पर मौजूद लोग प्लेटफार्म पर खड़े होकर ट्रेन रोकने का इशारा करने लगे।
भीड़ देखकर डीआरएम ट्रेन रुकवाकर बाहर आए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद अनुरागी, पालिका सभासद रामवीर प्रजापति, संजय अग्रवाल बौबी व उषा सतीजा ने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का अभी तक उच्चीकरण शुरू न होने का मुद्दा उठाया। रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने और स्टेशन के बाहर बने शौचालय को शुरू कराने की मांग की।
सपा कार्यकर्ता डॉ. इंद्रपाल यादव, मशकूर खां, भूपेंद्र सिंह व मनौना धाम प्रतिनिधि की ओर से ज्ञापन सौंपकर इधर से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई। नगर पालिका की ओर से रेलवे स्टेशन के समीप पालिका की भूमि पर पेयजल व्यवस्था के लिए पंप अधिष्ठान का कार्य करने के लिए रेलवे की ओर से अभी तक एनओसी न मिलने की बात कही गई। डीआरएम ने आश्वासन दिया गया कि विशेष ट्रेनों का ठहराव कराने के साथ ही यहां से गुजरने वाली बंद ट्रेनों का संचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा।