नवाबगंज। सेना के एक स्कूल में तैनात एक शिक्षक ने इंटरनेट पर पूर्व पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर के एक समाचार पर अभद्र टिप्पणी कर दी। इससे आहत शहला ताहिर की बेटी ने पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शहला ताहिर की बेटी समन ताहिर ने पुलिस महानिरीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि उनकी मां नगर पालिका परिषद की तीन बार नगरपालिका अध्यक्ष के पद पर रही हैं। उन्हें समाज में लोग सम्मान से देखते हैं। आरोप है कि उनकी मां की एक पोस्ट पर कस्बे के साबिर हुसैन ने कमेंट किया है। वह उत्तराखंड के चमोली में सेना के स्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात हैं। उनकी इस हरकत पर मां को गहरा सदमा लगा है। साथ ही समाज में भी उनकी छवि को धूमिल किया गया है।