मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर में बुधवार की देर रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता ने बृहस्पतिवार को उसके पति सहित छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला पंजीकृत कराया है।
गोधन लाल निवासी मंसूरगंज ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री हेमलता का विवाह एक साल पहले शाही थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर निवासी कुंवरपाल के साथ किया था। उसके बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने लगा। ससुराली आए दिन पुत्री दो लाख रुपये नकद और बुलेट बाइक की मांग करते थे।
उनका आरोप था कि चार दिन पहले कुंवरपाल दिल्ली चला गया। अपने घर वालों से फोन पर उसकी हत्या का षड्यंत्र रच दिया, जिससे मृतका के जेठ अनिल, डालचंद, देवर ख्याली, ससुर रामलाल और जेठानी जसोदा ने मिलकर पुत्री हेमलता की हत्या कर शव को लटका दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने मृतका के ससुर रामलाल को हिरासत में ले लिया है, लेकिन पुलिस हिरासत में लेने की बात से इन्कार कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई : सीओ
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला पंजीकृत किया गया है। इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद