बरेली। आयुक्त सभागार में मंगलवार काे विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने हर घर जल योजना के तहत निर्मित ओवरहेड टैंकों की रिपोर्ट और 50 लाख से अधिक लागत से हुए निर्माण कार्यों की क्रॉस चेकिंग के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान ओवरहेड टैंक निर्माण संबंधी जिन जिलों की प्रगति कम है, वहां कार्य में तेजी के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को मासिक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। हर घर जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन प्रभावित न हो। अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर जुलाई-2024 में विद्यालय का संचालन कराने के निर्देश दिए। सहभागिता योजना के तहत दिए गए गोवंश का सत्यापन कराकर उन्हें टैग कर अपलोड कराने, जिन्होंने गोवंश संरक्षण छोड़ दिया है, उन्हें बजट न देने के लिए कहा।
स्वास्थ्य विभाग को एक जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश दिए। संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। 50 लाख से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजना पूरी हो चुकी हैं। उन्हें सप्ताहभर में संबंधित विभाग को हैंडओवर के निर्देश दिए। ब्यूरो