बरेली। परिचित युवती को इंजेक्शन लगाकर कार में हत्या की कोशिश करने वाले अस्पताल संचालक के खिलाफ बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूछताछ के दौरान संचालक ने बीमारी का नाटक किया तो पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया।
बदायूं जिले की एक युवती मंगलवार रात बिथरी क्षेत्र में मरणासन्न हालत में मिली थी। उसका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। युवती की ओर से बिथरी थाने में बृहस्पतिवार को रिपोर्ट लिखाई गई कि वह यहां नर्सिंग का कोर्स कर रही थी।
उसकी पहचान डॉ. श्रीपाल से हो गई थी। श्रीपाल बीसलपुर चौराहे पर अनंत रूप अस्पताल चलाता है। युवती को उसने काम पर रख लिया। श्रीपाल के युवती से संबंध हो गए। श्रीपाल ने युवती से कमरे में शादी कर कई बार संबंध बनाए।
युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसने शादी करने के लिए कहा तो श्रीपाल ने संजयनगर में किराये पर कमरा लेकर उसको रख दिया। जब उसने श्रीपाल पर कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया तो वह नाराज हो गया। मंगलवार को उसने पेट दर्द की शिकायत की तो श्रीपाल कार लेकर उसके पास आया। वहां युवती को इंजेक्शन लगा दिया।
श्रीपाल युवती को कार से हाईवे की तरफ ले गया। इंजेक्शन लगाए। कार में युवती को जान से मारने के उद्देश्य से पीटा। जब युवती मरणासन्न हो गई तो हाईवे किनारे फेंक दिया। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि श्रीपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। डाक्टर की डिग्री की भी जांच होगी। ब्यूरो