बरेली। कोतवाली क्षेत्र स्थित गोपाल दत्त अस्पताल के मालिक डॉक्टर और उनकी पत्नी पर पार्टनर डॉक्टर ने धोखाधड़ी का आरोप लगाकर कोतवाली में रिपोर्ट कराई है। पार्टनर के मुताबिक डॉक्टर व उनकी पत्नी ने 43.50 लाख रुपये संयुक्त खाते से निकालकर हड़प लिए। कोतवाली पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
बिजनेस रेजीडेंसी निवासी डॉ. कमल शर्मा ने कोतवाली प्रभारी अमित पांडेय को बताया कि वह फिजियोथेरेपिस्ट हैं। कमल ने बताया कि वह और भटनागर कॉलोनी निवासी डॉ. मीनाक्षी दत्ता दोनों ही मीनाक्षी मेडिकोज फर्म में पार्टनर हैं। फर्म की पचास प्रतिशत हिस्सेदारी डॉ. मीनाक्षी दत्ता के पास है। फर्म के दो अलग-अलग खाते भी खुले हुए हैं। फर्म के खातों का इस्तेमाल व्यापारिक लेनदेन में किया जाता है। खातों से रुपये निकालने के लिए मीनाक्षी के साथ ही कमल शर्मा के हस्ताक्षर की जरूरत होती है। कमल शर्मा ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी दत्ता और मीनाक्षी के पति अस्पताल के मालिक डॉ. गोपाल दत्त ने चेक के जरिये फर्म के खाते से 43.50 लाख रुपये धोखाधड़ी कर निकाल लिए। जब कमल ने इस बारे में दंपती से पूछा तो दोनों ने अभद्रता करते हुए उन्हें धमकी दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, विवेचना में सच्चाई सामने लाई जाएगी। ब्यूरो
-
कमल शर्मा के सभी आरोप फर्जी हैं। तथ्यों को छिपाकर अधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों को सारे सही जानकारी के साथ दस्तावेज भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। - डॉ. गोपाल दत्त, मालिक गोपाल दत्त अस्पताल