मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव दियोरिया अब्दुल्लागंज के एक ग्रामीण ने अपने बेटे को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर एडीजी जोन के आदेश से मीरगंज थाने में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि उसके पुत्र का गांव की एक किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह दोनों आपस में चोरी-छिपे बात करते थे, जिसका युवती के परिजनों ने विरोध किया तो उन्होंने अपने बेटे को काम करने के लिए हरियाणा भेज दिया, लेकिन दो साल पूर्व 29 सितंबर को उसकी प्रेमिका उसके बेटे के पास पहुंच गई और उसे साथ लेकर काशीपुर उत्तराखंड चली गई।
किशोरी के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में पकड़े जाने के बाद किशोर को बाल सुधार गृह और किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दो साल पूर्व पांच दिसंबर को किशोरी के विवाह कराने का प्रयास किया गया, जिसे बाल संरक्षण की टीम ने रुकवा दिया था। पीड़ित ने बताया कि 10 अक्तूबर को उनका पुत्र बाल सुधार गृह से छूटकर बाहर निकला। 17 अक्तूबर को धमकी और 22 अक्तूबर को उसकी हत्या कर दी गई। अब पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद