दो महीने तक मामले को दबाए बैठे रहे इंस्पेक्टर प्रेमनगर
बरेली। राम मंदिर के फ्लैक्स पर इमाम-ए-हिंद लिखवाने वाले अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गए हैं। उन्हें सिर कलम करने की धमकी दी जा दो माह बाद अब इस मामले में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जिलाध्यक्ष को सिर कलम करने की धमकी दी गई थी।
भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष परवेज नूरी ने पांच अगस्त को राम मंदिर के शिलान्यास के समय डीडीपुरम चौराहे पर एक कार्यक्रम कर मिठाई बांटी थी। यहां एक फ्लैक्स भी लगवाया था, जिसमें भगवान राम को इमाम-ए-हिंद लिखा था। परवेज नूरी का कहना है कि भगवान राम को इमाम-ए-हिंद का खिताब वर्षों पहले शायर अल्लामा इकबाल ने दिया था। जिस कारण उन्होंने भी यह लिखवा दिया था। फ्लैक्स को फेसबुक पर अपलोड करने के बाद परवेज नूरी को सिर कलम करने की धमकियां मिलने लगीं। परवेज का कहना है कि वह भाजपा के सिपाही हैं। उन्होंने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पुलिस से की। इस मामले में अब अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीओ सिटी दिलीप सिंह का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है, आखिर दो महीने बाद और अज्ञात में मुकदमा क्यों दर्ज हुआ। इसकी जांच कराई जाएगी।