बरेली। आईआरसीटीसी के कैटरिंग ठेकेदार से रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक नामजद और 25 अज्ञात लोगों पर जीआरपी जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार ने बताया कि कैटरिंग ठेकेदार आनंद शर्मा ने सुभाषनगर निवासी संजीव गुप्ता और उसके 25 साथियों के खिलाफ 25 मई को तहरीर दी थी। जांच के बाद बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। गौरतलब है कि आईआरसीटीसी के खाने की गुणवत्ता को लेकर आरपीएफ ने सवाल उठाए थे। आरपीएफ का कहना था कि श्रमिकों को दिया जा रहा खाना खाने योग्य नहीं है। जंक्शन के कॉमर्शियल अनुभाग ने भी इन आरोपों को सही माना था। इसके बावजूद 25 मई से जंक्शन के भोजनालय में खाना बनना शुरू हो गया। दोपहर में संजीव गुप्ता अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को मीडिया कर्मी बताते हुए दस प्रतिशत कमीशन मांगा और हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि संजीव ने आनंद को कमीशन न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग गए।