बरेली। समाजवादी छात्र सभा का जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा अब रंगदारी मांगने के मामले में फंस गया है। अविनाश के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मढ़ीनाथ निवासी प्रिंस यादव ने पुलिस को बताया कि वह बरेली कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। प्रिंस ने आरोप लगाया कि छात्र नेता अविनाश मिश्रा ने उन्हें कॉल करके धमकाया। उन्होंने विरोध किया तो अविनाश ने गाली-गलौज की। प्रिंस ने जब इस बारे में अपने मित्रों को बताया तो पता चला कि अविनाश खर्च चलाने के लिए छात्रों से रंगदारी वसूलता है। प्रिंस के मुताबिक एक बार डर की वजह से वह पांच हजार की रंगदारी अविनाश मिश्रा को दे भी चुका है। बता दें कि पांच दिन पहले अविनाश और उसके गुर्गों पर एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
-
पहले भी लग चुका है एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप
फरीदपुर के कानूनगोयान तकिया मार्ग निवासी सछास जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा का पहले भी विवादों से नाता रहा है। उसके खिलाफ पिछली साल अगस्त में सुभाषनगर थाने में जमीन कब्जाने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अविनाश के साथ ही उसके भाई व दूसरे सपा नेताओं को भी इस मुकदमे में नामजद कराया गया था। आरोप लगाया गया कि यह गिरोहबंद लोग जमीनों पर कब्जा करते हैं और रंगदारी वसूलते हैं। पुलिस अविनाश मिश्रा के खिलाफ दर्ज मुकदमों को खंगाल रही है।
सौ मुकदमे और लगवा दो तब भी अविनाश नहीं झुकेगा
मुकदमा दर्ज होने के बाद अविनाश ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। लिखा कि समाजवादी पार्टी का सिपाही मुकदमों से डरता नहीं बल्कि डटकर मुकाबला करता है। हम पीडीए की आवाज हैं। सौ मुकदमे और लगवा दो तब भी अविनाश मिश्रा न झुका है, न झुकेगा। वहीं, अविनाश मिश्रा ने बताया कि वह तीन दिन से लखनऊ में हैं। उनके खिलाफ साजिशन मुकदमे किए जा रहे हैं।