भोजीपुरा। मेंथा ऑयल के कारोबार में साझीदार बनाने और मुनाफे का झांसा देकर स्थानीय व्यापारी से 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। व्यापारी ने अपने रुपये मांगे तो आरोपी ने उन्हें रास्ते में रोककर पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, पीटने और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है।
सीबीगंज के गांव बिधौलिया निवासी मुनीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी पहचान दो साल पहले भोजीपुरा क्षेत्र के गांव बुझिया शुमाली निवासी जय कुमार गंगवार से हुई थी। उसने खुद को मेंथा कारोबारी बताया और सस्ते दाम पर तेल खरीदकर स्टॉक करने के पर मोटे मुनाफे का वादा किया।
झांसे में आकर मुनीश ने छह महीने के दौरान अलग-अलग किस्तों में रुपये जय कुमार को सौंप दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी ने न तो मुनाफा दिया और न ही मूल रकम लौटाई। जब मुनीश ने दबाव बनाया तो अक्तूबर 2024 में आरोपी ने 32 लाख रुपये का चेक थमा दिया। इसके बाद लगातार टालमटोल करता रहा। 14 नवंबर को जब पीड़ित ने जय कुमार से तकादा किया तो उसने गाली देते हुए हमला कर दिया।
जय कुमार पर ठगी के मामले में बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। उसे 18 नवंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया था। भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मुनीश कुमार की शिकायत पर जय कुमार गंगवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना दरोगा संदेश सिंह को सौंपी गई है। संवाद