ग्राम भौना के युवक व उसके साथियों पर लगा आरोप, आरोपी फरार
बहेड़ी। अवर अभियंता ने तीन युवकों पर मारपीट करने और घर ले जाकर बंधक बनाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अवर अभियंता ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विद्युत विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि बुधवार को वह अपने सहयोगी लाइनमैन के साथ ग्राम मंडनपुर फाटक के पास एक क्लीनिक पर असिस्टेंट बिलिंग के लिए संयोजन संख्या मांगने गए थे। इसी दौरान ग्राम भौना का एक युवक अपने भाई के साथ कार से वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कार में बैठाकर अपने घर ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने अवर अभियंता को धमकाते हुए कहा कि पूर्व में हुए विभागीय मुकदमे का फैसला कर लें, वरना जान से मार देंगे।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर ताहिर, जैश और दानिश बाबा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। नामजद आरोपी फरार हैं। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद