फनसिटी के पास बेशकीमती जमीन का मामला, पांच हिरासत में दूसरे पक्ष के किसान भी पहुंचे अधिकारियों के पास, अपनी और सीलिंग की जमीन बताई
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बेशकीमती जमीन पर कब्जे को लेकर लूट व हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष के किसानों ने अधिकारियों के पास जाकर जमीन को अपनी और सरकारी बताया।
बुधवार को सिख समाज के व्यापारी हरप्रीत सिंह ने एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर बताया कि गोदाम की दीवार कूदकर घुसे 30-35 लोगों ने चौकीदार व उसके परिवार की पिटाई की थी। चौकीदार के पास रखी नकदी, जेवर भी लूट लिए। उन्होंने सूचना दी तो पुलिस ने पांच लोगों को पकड़ भी लिया। हरप्रीत की ओर से पुलिस ने धर्मपाल सिंह, प्रेमपाल मौर्य, धर्मवीर, भारत, वीरपाल, राजीव व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पांचों आरोपियों का शुक्रवार को चालान किया जाएगा।
किसानों ने बताई अपनी जमीन, कागज दिखाए
बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष के धर्मवीर मौर्य आदि कई किसान एसएसपी व अन्य अधिकारियों से मिले। हरप्रीत सिंह आदि के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे व कोर्ट से अपने पक्ष में दिया गया आदेश दिखाया। कहा कि जमीन वास्तव में स्थानीय किसानों की है। इसमें कुछ हिस्सा सीलिंग की सरकारी जमीन का है। यहां जबरन कब्जा किया गया है। वह लोग कागज लिए घूम रहे हैं पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी उनका पक्ष वैध होने के बाद भी कब्जा नहीं हटवा रहे। अमर उजाला ब्यूरो