राष्ट्रीय ध्वज में अशोक च्रक के बजाए धार्मिक स्थल का फोटो, भड़के हिंदू संगठन तो लिखी रिपोर्ट ग्यारहवीं शरीफ पर बुधवार को बरेली के पूरनपुर में निकाले गए जुलूस ए गौसिया में लहराए गए राष्ट्रीय ध्वज में अशोक चक्र के बजाए धार्मिक स्थल का फोटो बना होने के बाद शोर मच गया।
यह सोशल मीडिया पर कानूनी कार्रवाई में तब्दील हो गया है। बृहस्पतिवार को दूसरे दिन हिंदू युवा वाहिनी, हिंदू जागरण मंच, नमो सेना, हिंदू महासभा समेत कई संगठनों से जुड़े लोगों ने इसको राष्ट्र ध्वज का अपमान बताते हुए एसपी बालेंदु भूषण सिंह को ज्ञापन सौंपा।
आरोपियों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर फांसी देने की मांग की गई। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी, जिसके बाद पूरनपुर कोतवाली में जुलूस के आयोजक, उसमें शामिल भीड़ और जिस व्यक्ति ने ऐसा कृत्य किया, उसके खिलाफ राष्ट्रध्वज अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा-2 और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडने की कोशिश करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।